सोशल मीडिया पर इन दिनों एक छोटे से स्ट्रीट फूड बिजनेस की कहानी तेजी से वायरल हो रही है, जिसने नौकरी और कारोबार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वायरल पोस्ट में ‘मनोज ब्रेड पकोड़ा’ नाम की दुकान का जिक्र किया गया है, जहां सड़क किनारे ब्रेड पकोड़ा और गुलाब जामुन बेचने वाले दुकानदार की कमाई लाखों रुपये बताई जा रही है। पोस्ट के मुताबिक, दुकान पर न कोई बड़ी ब्रांडिंग है और न ही कोई आलीशान सेटअप, लेकिन ग्राहकों की अच्छी भीड़ लगातार पहुंचती है।

वायरल पोस्ट को X पर अंकित पांडे नाम के यूजर ने शेयर किया। उनके मुताबिक, दुकान पर रोजाना करीब 400 ग्राहक आते हैं। दुकान पर ब्रेड पकोड़ा और गुलाब जामुन दोनों की कीमत 15-15 रुपये बताई गई है। यानी अगर एक ग्राहक औसतन 30 रुपये खर्च करता है और 400 ग्राहक रोज आते हैं, तो रोजाना बिक्री करीब 12,000 रुपये बैठती है। इसी गणना के आधार पर पोस्ट में महीने की कमाई करीब 2.5 लाख रुपये और सालाना कमाई लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है।
कमाई का दावा यहीं खत्म नहीं होता। वायरल पोस्ट के अनुसार, दुकानदार ने तेल, गैस, कच्चे माल और दूसरे खर्च निकालने के बाद करीब 70 फीसदी रकम बचने की बात कही है। इस हिसाब से रोजाना लगभग 8,400 रुपये बचत का दावा किया गया है। हालांकि, यह आंकड़े वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में बताए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन्हें वास्तविक और निश्चित आय मानने के बजाय पोस्ट में किए गए दावे के तौर पर देखना जरूरी है।
इस कहानी ने सोशल मीडिया पर कॉरपोरेट नौकरी बनाम छोटा कारोबार की बहस भी शुरू कर दी है। कई यूजर्स का कहना है कि सड़क किनारे दुकान चलाने वाले लोगों की कमाई को अक्सर कम करके आंका जाता है। उनके मुताबिक, किसी छोटे बिजनेस की सफलता के पीछे लगातार मेहनत, ग्राहकों का भरोसा और खाने की क्वालिटी सबसे महत्वपूर्ण होती है। वायरल पोस्ट में भी दुकान की सादगी के बावजूद ग्राहकों की लगातार मौजूदगी को इसकी सफलता की बड़ी वजह बताया गया है।
हालांकि, इस पूरी कहानी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि ₹30 लाख सालाना कमाई का आंकड़ा एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट से आया है। TV9 भारतवर्ष ने भी स्पष्ट किया है कि वह पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। इसलिए इस कहानी से यह निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा कि हर ब्रेड पकोड़ा या स्ट्रीट फूड विक्रेता इतनी कमाई करता है। फिर भी, यह मामला इस बात की ओर जरूर ध्यान खींचता है कि सही लोकेशन, स्वाद, ग्राहक और लगातार मेहनत के साथ छोटा कारोबार भी अच्छी आय का जरिया बन सकता है।

Leave a Reply