पंजाब के लुधियाना से ठगी का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे। यहां भगवा कपड़े पहनकर एक कथित बाबा ज्वेलरी शॉप में पहुंचा और दुकान पर मौजूद युवक को अपने झांसे में ले लिया। उसने युवक से कहा कि वह उसके सारे दुख-दर्द दूर कर देगा। इसके बाद उसने कुछ ऐसा खेल खेला कि युवक खुद ही दुकान के कीमती गहने निकालकर उसके हाथ में देने लगा। करीब 10 मिनट में बाबा सोने और डायमंड के गहने लेकर फरार हो गया।

यह पूरी घटना लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित C.J. ज्वैलर्स की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर दुकान के मालिक किसी काम से बाजार गए हुए थे। उस समय उनका दोस्त मनीष दुकान संभाल रहा था। तभी लाल कपड़े पहने एक शख्स बाबा के भेष में दुकान के अंदर दाखिल हुआ। उसने मनीष से बातचीत शुरू की और उसे आशीर्वाद देने के साथ उसके दुख-दर्द खत्म करने का भरोसा दिलाया।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा ने पहले मनीष को अपनी बातों में उलझाया और फिर उसे कुछ इस तरह प्रभावित किया कि वह उसकी हर बात मानने लगा। CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि बाबा युवक से पहले सोने और डायमंड की नोज पिन निकलवाता है। इसके बाद वह गहनों को अपने हाथ में लेकर वापस मनीष को देता है और उसकी मुट्ठी बंद करवा देता है। इसी तरह उसने युवक से सोने की अंगूठी भी निकलवा ली।
इसके बाद बाबा ने मंत्र बुदबुदाने और मुट्ठी पर फूंक मारने का नाटक किया। वह अपने गले में पड़े कपड़े को भी युवक के हाथ के ऊपर घुमाता रहा। इस पूरे समय मनीष उसकी बातों में उलझा रहा। बाबा ने अपनी कथित पूजा और आशीर्वाद का ऐसा माहौल बनाया कि युवक को समझ ही नहीं आया कि उसके साथ क्या खेल हो रहा है। आखिरकार बाबा गहने लेकर दुकान से बाहर निकल गया।
बाबा के जाने के कुछ देर बाद जब मनीष का ध्यान वापस आया और उसने अपनी मुट्ठी खोली, तो उसके होश उड़ गए। हाथ में कोई गहना नहीं था। तब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। दुकान के CCTV कैमरे चेक किए गए तो पूरी वारदात सामने आ गई। फुटेज में दुकान के बाहर एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति भी दिखाई दिया, जिस पर बाबा का साथी होने और निगरानी करने का शक है।
दुकान मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्ट में गहनों की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा बताई गई थी। हालांकि, इस मामले में 19 नवंबर को आई Hindustan Times की रिपोर्ट के मुताबिक, सराफा बाजार के व्यापारियों ने बाबा और उसके एक साथी को पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है। वहीं, आरोपियों ने दावा किया कि युवक ने शादी से जुड़ा उपाय करवाने के बदले गहने अपनी मर्जी से दिए थे। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
Leave a Reply