ट्रेन में हिस्ट्रीशीटर ने की गर्भवती महिला की इज्जत लूटने की कोशिश, फिर चलती ट्रेन से दिया धक्का..

तमिलनाडु में एक चलती ट्रेन में गर्भवती महिला से दुष्कर्म की कोशिश करने का मामला सामने आया है। आरोपी इसमें नाकाम हुआ तो उसने महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया।

तमिलानडु के वेल्लोर जिले में एक गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। ये घटना जिले के काटपाडी के पास चलती ट्रेन के अंदर की बताई जा रही है। ट्रेन में चार महीने की गर्भवती महिला के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास करने के बाद आरोपी ने उसे बोगी से धक्का दे दिया। स्थानीय लोगों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आंध्र प्रदेश के चित्तूर की रहने वाली 36 वर्षीय पीड़िता गुरुवार रात को महिला डिब्बे में अकेले यात्रा कर रही थी। इस दौरान ‘हिस्ट्रीशीटर’ बताया जाने वाला व्यक्ति जोलारपेट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ा। आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि महिला विरोध करते हुए खुद को बंद करने के लिए शौचालय की ओर भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसे ट्रेन से धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने की वजह से पीड़िता के हाथ और पैर में ‘फ्रैक्चर’ हो गया।

घटनास्थल से गुजर रहे लोगों ने महिला को ट्रेन से गिरते देखा। इसके बाद उन्होंने पीड़िता को वेल्लोर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान केवी कुप्पम के रहने वाले हेमराज के तौर पर हुई है। इसे हाल ही में चेन्नई में एक महिला की हत्या के मामले में जमानत पर रिहा किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2022 में उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता कई साल से तमिलनाडु के तिरुपुर में दर्जी का काम करने वाले अपने पति और बेटे के साथ रह रही है। वह चित्तूर में अपनी मां के घर जाने के लिए गुरुवार रात अकेले कोयंबटूर-तिरुपति इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार हुई थी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *