घर वाले गए थे पड़ोसी के अंतिम संस्कार में, इधर घर में कट गया महिला का गला, मामा ने लगाया आरोप बोले – ये तो हत्या
बिहार के भागलपुर में एक विवाहिता महिला की गला कटने से मौत हो गई। घटना के वक्त उसके परिवार के लोग पड़ोसी बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में गए। मृतका के मामा ने हत्या का आरोप लगाया है तो ससुराल वाले बात करने को तैयार नहीं हैं। कांड का रहस्य उजागर करने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना सुलतानगंजथाना क्षेत्र के गनगनिया पंचायत स्थित फतेहपुर के गनगनिया गांव की है।

मृतका की पहचान फतेहपुर गनगनिया निवासी शिवनंदन मंडल की पत्नी सुमन देवी (26) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतका के ससुराल पक्ष की महिला ने बताया कि घर के बगल में एक बुजुर्ग की मृत्यु हुई थी। घर के सभी लोग उनके अंतिम संस्कार में गए हुए थे, और मृतका घर की साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान छज्जे पर रखा धारदार लोहे का वस्तु उसके गले पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जब घर के बगल के एक छोटे बच्चे ने उसे खून से लथपथ देखा, तो उसने घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसी के चिल्लाने या मदद की गुहार सुनने को लेकर ससुराल के लोग चुप हो गए।
इधर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा, और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पुलिस के जांच का विषय है और पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतिका के भाई देवानंद मंडल ने बताया कि लगभग नौ वर्ष पूर्व सुमन ने गांव के ही शिवनंदन से प्रेम विवाह किया था और दोनों खुशी-खुशी साथ में रहते थे। परिजनों के अनुसार, तीन वर्ष पूर्व मृतिका के पिता पिंकू मंडल ने उनके दामाद को जीवनयापन के लिए एक टेंपो खरीदकर दिया था। मृतिका की भाभी मुस्कान कुमारी ने बताया कि मृतिका के दो पुत्र और एक पुत्री हैं, सभी छोटे हैं। उनका बड़ा पुत्र ननिहाल में रहता है।
अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक ने बताया कि धारदार लोहे की वस्तु से महिला का गला कटा था। रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शाहिल ने बताया कि महिला के गले पर 12 सेमी लंबा, तीन सेमी चौड़ा और पांच सेमी गहरा जख्म था, जो धारदार हथियार से काटा गया प्रतीत होता है। हालांकि घरवाले इस संदर्भ में कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना पर मृतिका की मां रीता देवी और पिता पिंकू मंडल का बुरा हाल था। मृतिका के मामा राजेश मंडल ने बताया कि यह साजिश के तहत हत्या की गई है। पूर्व में भी उनके पति ने ऑटो पलटाकर मारने की कोशिश की थी। राजेश मंडल ने कहा कि आज मौके का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। मृतिका के पति ने बताया कि वे दोनों शादी के बाद सुखद दाम्पत्य जीवन जी रहे थे। उसे 100 रुपये देकर दाह संस्कार में भाग लेने भेज दिया गया था, और तभी यह घटना हुई।