महाशिवरात्रि पर दर्शन करने के लिए गए थे दोस्त, आपस में हुआ विवाद, एक की गोली मारकर हत्या

बिहार के दरभंगा जिले में दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं गोली लगने से एक अन्य घायल हुआ है। उसका डीएमसीएच में इलाज चल रहा है। वारदात बहेड़ी थाना क्षेत्र के मट्ठारही गांव में बुधवार रात को हुई। बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि के मौके पर कुछ दोस्त कुशेश्वरस्थान और कारू बाबा स्थान दर्शन के लिए गए थे। तभी उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

मृतक की पहचान मट्ठारही गांव निवासी रामबालक यादव के 25 वर्षीय पुत्र राजा यादव के रूप में हुई है। उसे पेट में गोली मारी गई थी। घायल युवक उसी गांव के देवशगुन यादव का पुत्र सचित कुमार है। उसकी बांह में गोली लगी है। दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हुई। बुधवार को राजा यादव अपनी स्कॉर्पियो से दो अन्य दोस्तों के साथ महाशिवरात्रि के मौके पर कुशेश्वरस्थान और कारू बाबा स्थान से घूमकर घर लौटा थे। राजा ने अपने घर पर सचित कुमार के साथ खाना खाया था। इसके बाद एक अन्य दोस्त मणिकांत यादव के बुलाने पर तीनों एक साथ कहीं निकले थे।

वहीं पर मणिकांत के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद मणिकांत ने गोली चलाई। इससे राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुचित घायल हो गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंची बहेड़ी थाने की पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।थाने से मिली जानकारी के मुताबिक एफएसएल की टीम को भी सूचना दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में गोली चलाने के आरोपी मणिकांत यादव को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *