दुनिया पर मंडराया न्यूक्लियर हमले का खतरा! अगर छिड़ गई परमाणु जंग, तो पहले 48 घंटे तय करेंगे कौन बचेगा और कौन नहीं..

अगर दुनिया कभी परमाणु हमले जैसी स्थिति का सामना करती है, तो सबसे खतरनाक समय पहला 48 घंटा माना जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि विस्फोट के तुरंत बाद बाहर निकलना सबसे बड़ी गलती हो सकती है, क्योंकि इसी दौरान सबसे ज्यादा रेडिएशन फैलता है।

ऐसी स्थिति में सबसे पहले किसी मजबूत इमारत, बेसमेंट या बिना खिड़की वाले कमरे में छिपना चाहिए। अगर आपके कपड़ों पर धूल या राख लगी हो तो उन्हें तुरंत उतारकर अलग करना चाहिए, क्योंकि उनमें रेडियोएक्टिव कण हो सकते हैं। इसके बाद साबुन और पानी से नहाना जरूरी माना जाता है ताकि शरीर पर मौजूद रेडिएशन कम हो सके।

विशेषज्ञ मानते हैं कि परमाणु हमले के बाद कम से कम 24 से 48 घंटे तक घर या सुरक्षित जगह से बाहर नहीं निकलना चाहिए। इस दौरान फोन, रेडियो या सरकारी अलर्ट पर नजर रखना जरूरी होता है, ताकि यह पता चल सके कि बाहर निकलना सुरक्षित है या नहीं। खाने के लिए पैक्ड फूड, बोतलबंद पानी और जरूरी दवाइयां पहले से रखना सबसे जरूरी तैयारी मानी जाती है।

हाल के समय में ईरान-इजराइल तनाव और परमाणु ठिकानों पर हमलों की खबरों ने दुनिया भर में चिंता बढ़ा दी है। इजराइल के डिमोना जैसे परमाणु क्षेत्र के पास मिसाइल हमले के बाद फिर से यह बहस तेज हो गई है कि अगर कभी न्यूक्लियर हमला हुआ, तो आम लोग खुद को कैसे बचाएंगे।

Leave a Comment