चीन से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 84 साल की बुजुर्ग महिला Zhang Yulan एक AI से बने वर्चुअल इंसान के प्यार में पड़ गईं। यह कोई असली इंसान नहीं था, बल्कि “जियानगुओ” नाम का एक डिजिटल कैरेक्टर था, जिसे एक सख्त लेकिन ख्याल रखने वाले पुरुष के रूप में दिखाया जाता था।

शुरुआत में महिला सिर्फ उसके वीडियो देखती थीं, लेकिन धीरे-धीरे यह लगाव इतना बढ़ गया कि वह रोजाना करीब 10 घंटे तक उसी AI कैरेक्टर के वीडियो देखने लगीं। उन्होंने उसे अपना जीवनसाथी मानना शुरू कर दिया और यहां तक कि हाथ से लिखकर लव लेटर भी भेजा। उस खत में उन्होंने पूछा था कि “क्या तुम मुझसे नाराज हो?” और लिखा कि उनके बीच की दूरी उन्हें अंदर से तोड़ रही है।
मामला तब खुला जब परिवार ने देखा कि महिला इस AI कैरेक्टर से जुड़े ऑनलाइन स्टोर पर करीब 7000 युआन यानी लगभग 95 हजार रुपये खर्च कर चुकी हैं। उन्होंने कई ऐसी चीजें भी बहुत महंगे दामों में खरीदीं, जो दूसरी वेबसाइट्स पर काफी सस्ती थीं। परिवार को शक हुआ तो पता चला कि वह पूरी तरह इस वर्चुअल दुनिया में खो चुकी हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में ऐसे “Bossy President” AI कैरेक्टर्स काफी लोकप्रिय हैं, खासकर बुजुर्ग और अकेलापन महसूस करने वाली महिलाओं के बीच। बाद में चीन के साइबर प्रशासन ने इस अकाउंट को बंद कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि AI सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं रहा, बल्कि अब लोगों की भावनाओं पर भी गहरा असर डालने लगा है।