PSL 2026 में एक और बड़ा विवाद सामने आ गया है। लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी और ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर आरोप लगा है कि उन्होंने होटल के सख्त सुरक्षा नियमों को तोड़ते हुए चार अनधिकृत लोगों को खिलाड़ियों के फ्लोर तक पहुंचाया और जबरन कमरे में ले गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इन लोगों को पहले ही होटल में एंट्री देने से मना कर दिया गया था। टीम के लायजन ऑफिसर ने भी दो बार अनुमति मांगी थी, लेकिन सिक्योरिटी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद शाहीन और रजा कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों के विरोध के बीच उन लोगों को अंदर लेकर गए और वे करीब तीन घंटे तक होटल के कमरे में मौजूद रहे।
पंजाब पुलिस ने इस मामले को सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन बताया है। पुलिस ने PSL अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। इस घटना के बाद शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
हालांकि सिकंदर रजा ने सफाई देते हुए कहा कि वे लोग उनके परिवार और करीबी दोस्त थे। उन्होंने शाहीन अफरीदी को क्लीन चिट देते हुए कहा कि शाहीन सिर्फ उनकी मदद कर रहे थे और असली जिम्मेदारी उनकी है। रजा ने यह भी कहा कि उन्हें नए सुरक्षा नियमों की पूरी जानकारी नहीं थी।
PSL पहले ही बॉल टैंपरिंग विवाद, सुरक्षा खतरों और कई अन्य मामलों की वजह से सवालों में घिरा हुआ है। ऐसे में शाहीन अफरीदी का नाम एक और बड़े विवाद में आने से पाकिस्तान क्रिकेट की छवि पर बड़ा असर पड़ सकता है।