कोरोना का खतरा एक बार फिर दुनिया के कई देशों में बढ़ता नजर आ रहा है। “Cicada” नाम का नया कोविड वेरिएंट अब 23 देशों तक पहुंच चुका है और इसकी रफ्तार ने हेल्थ एक्सपर्ट्स की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका, यूरोप और एशिया के कुछ हिस्सों में इसके मामले तेजी से सामने आ रहे हैं, जिसके बाद कई देशों ने निगरानी बढ़ा दी है।

इस नए वेरिएंट की सबसे बड़ी चिंता इसकी भारी संख्या में म्यूटेशन हैं। माना जा रहा है कि इसमें इतने बदलाव हो चुके हैं कि यह पुराने संक्रमण या वैक्सीन से बनी इम्यूनिटी को कुछ हद तक कमजोर कर सकता है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई बड़ा सबूत नहीं मिला है कि यह वेरिएंट पहले के मुकाबले ज्यादा खतरनाक या जानलेवा है।
इस वेरिएंट के लक्षण भी काफी हद तक पुराने कोविड जैसे ही बताए जा रहे हैं। गले में तेज दर्द, बुखार, खांसी, कमजोरी, सिरदर्द, नाक बंद होना और शरीर दर्द जैसे लक्षण इसमें ज्यादा देखे जा रहे हैं। कई मरीजों में स्वाद और गंध चले जाने की शिकायत भी सामने आई है।
भारत के लिए फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अगर यह वेरिएंट तेजी से फैला, तो आने वाले समय में केस फिर बढ़ सकते हैं। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होगी।