महाराष्ट्र के सांगली जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही दो बेटियों को चोरी के शक में ऐसी सजा दी, जिसे सुनकर किसी का भी दिल कांप जाए।

बताया जा रहा है कि आरोपी पिता को शक था कि उसकी बेटियों ने किसी रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए हैं। इसी गुस्से में उसने अपनी 10 साल और 11 साल की बेटियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें घर में उल्टा लटका दिया। दोनों बच्चियां पूरी रात दर्द से तड़पती रहीं, रोती रहीं और पानी मांगती रहीं, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा।
सुबह जब परिवार के लोगों ने दोनों बच्चियों को नीचे उतारा, तब तक छोटी बेटी की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी अभी भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब परिवार के अन्य लोगों ने बच्चियों को बचाने की कोशिश की, तब आरोपी ने उन्हें भी धमकाया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद महाराष्ट्र में गुस्सा बढ़ गया है। राज्य की डिप्टी चेयरपर्सन नीलम गोरहे ने बची हुई बच्ची के इलाज, पढ़ाई और पुनर्वास की जिम्मेदारी सरकार से उठाने की मांग की है।