उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने देवर जैसे रिश्तेदार के प्यार में पड़कर अपने ही पति की हत्या कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पति की हत्या के बाद महिला पूरी रात बच्चों के साथ उसी लाश के पास सोती रही और सुबह होने पर पूरे मामले को छिपाने की कोशिश करने लगी।

मृतक की पहचान महराज के रूप में हुई है, जो दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी रूही का शादी से पहले से ही फरमान नाम के युवक के साथ अफेयर था। परिवार ने दोनों की शादी नहीं होने दी और रूही का निकाह महराज से करा दिया। लेकिन शादी के बाद भी दोनों का रिश्ता खत्म नहीं हुआ। महराज को जब इस अफेयर की जानकारी मिली तो वह इसका विरोध करने लगा।
पुलिस के मुताबिक, ईद पर घर आए महराज को उसकी पत्नी ने खाने में नशीली दवा मिला दी। जब वह बेसुध हो गया तो रूही ने अपने प्रेमी फरमान और उसके दोस्त को घर बुला लिया। तीनों ने मिलकर पहले महराज के हाथ-पैर बांधे और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। इतना ही नहीं, उसके शरीर पर कई वार भी किए गए। आसपास शादी में बज रहे तेज डीजे की आवाज में उसकी चीखें दब गईं।
हत्या के बाद रूही ने पूरी रात बच्चों के साथ उसी कमरे में बिताई। अगली सुबह जब महराज के पिता घर पहुंचे तो उन्होंने बेटे को खून से लथपथ हालत में देखा। शुरुआत में रूही ने लूटपाट और बेहोश किए जाने की कहानी सुनाई, लेकिन पुलिस पूछताछ में वह टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने रूही, उसके प्रेमी फरमान और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है।