जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। 11 नवंबर को CRPF के जवानों पर हुए हमले के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। सोमवार को हुई मुठभेड़ में उसका साथी उमर निसार डार मारा गया था, जबकि लतीफ भागने में कामयाब रहा। अब बुधवार सुबह एक बार फिर कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, लतीफ को घेर लिया गया है और उसे सरेंडर करने के लिए वीडियो कॉल भी किया गया।

इस ऑपरेशन के दौरान एक वीडियो कॉल सामने आया है, जिसमें सेना का एक अधिकारी लतीफ भट से हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की अपील करता सुनाई देता है। अधिकारी उसे समझाते हुए कहता है कि सुरक्षाबल उसके साथ हैं और उसे सरेंडर कर देना चाहिए। लेकिन लतीफ ने हथियार डालने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा, ‘अल्लाह मेरे लिए काफी है।’ अधिकारी लगातार उसे समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF की 46वीं बटालियन के नाका पोस्ट पर आतंकियों ने अचानक गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सेना, CRPF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और SOG ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए, जिनमें लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार डार हमले से पहले अलग-अलग इलाकों में घूमते दिखाई दिए। दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसे इलाकों की रेकी की थी।
पुलिस जांच के मुताबिक, उमर निसार डार पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को कथित तौर पर पनाह और दूसरी जरूरी मदद दे रहा था। दोनों ने मिलकर CRPF पोस्ट को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। 16 नवंबर को लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दोनों को घेर लिया। इस मुठभेड़ में उमर डार मारा गया, लेकिन लतीफ घेराबंदी तोड़कर भाग निकला। इसके बाद से ही उसकी तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लतीफ भट को दक्षिण कश्मीर के सबसे वांछित स्थानीय आतंकियों में गिना जाता है। पुलिस के मुताबिक, वह अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में दो गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या के मामलों में भी वांछित है। उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और स्थानीय मददगारों के नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, उमर डार के मारे जाने के बाद पुलिस ने 500 से अधिक लोगों से पूछताछ भी की है।
बुधवार सुबह कुलगाम के अलग-अलग गांवों में तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से दोबारा संपर्क हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई। फिलहाल इलाके में संयुक्त ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों की प्राथमिकता लतीफ को जिंदा पकड़ना या उसे निष्क्रिय करना है। हालांकि, अभी तक उसकी गिरफ्तारी या मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सुरक्षाबल इस बार लतीफ भट को पकड़ने में कामयाब होंगे या वह फिर से घेराबंदी तोड़कर भाग निकलेगा।
Leave a Reply