मध्य प्रदेश के उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की सवारी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। 16 नवंबर को निकली कार्तिक-अगहन मास की पहली सवारी के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। दरअसल, पालकी में विराजमान भगवान महाकाल के चंद्रमौलेश्वर स्वरूप के हाथ में चिलम जैसी एक वस्तु दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होते ही सवाल उठने लगे कि आखिर भगवान के स्वरूप के हाथ में यह वस्तु किसने रखी और इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद किसी की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी?

मामले को लेकर उज्जैन के पांच युवा श्रद्धालुओं ईशान सिंह, आनंद त्रिवेदी, रौनक उज्जैनिया, लक्ष्य परिहार और विशाल शर्मा ने आपत्ति जताई है। इन सभी ने मंदिर समिति और जिला प्रशासन के सामने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कलेक्टर रोशन सिंह को भी शिकायत सौंपी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि भगवान के हाथ में चिलम जैसी वस्तु दिखाई देना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
शिकायत में युवाओं ने धार्मिक परंपराओं और ग्रंथों का हवाला देते हुए कहा है कि भगवान की पूजा-पद्धति में इस तरह मादक पदार्थों को अर्पित करने का कोई विधान नहीं है। उनका तर्क है कि जब देश और प्रदेश में नशामुक्ति अभियान चलाए जा रहे हैं, तब धार्मिक आयोजनों में इस तरह की तस्वीर सामने आने से समाज और युवाओं के बीच गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर यह वस्तु भगवान के स्वरूप तक कैसे पहुंची।
सबसे बड़ा सवाल सवारी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, बाबा महाकाल की पालकी के आसपास करीब 15 पुलिसकर्मी और 12 से अधिक मंदिर सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इसके अलावा मंदिर प्रशासन के अधिकारी भी सवारी के साथ मौजूद रहते हैं। इतनी निगरानी के बावजूद चिलम जैसी वस्तु पालकी तक कैसे पहुंच गई? हैरानी की बात यह भी बताई जा रही है कि रामघाट पर पूजन और आरती के दौरान भी यह वस्तु भगवान के हाथ में दिखाई दी।
मंदिर से जुड़े कुछ पुजारियों ने भी नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा है कि महाकाल की सवारी में भगवान को चिलम अर्पित करने की कोई परंपरा नहीं है। उनका मानना है कि इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु वास्तव में चिलम है या उसमें कोई नशीला पदार्थ मौजूद था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल श्रद्धालुओं ने कलेक्टर और मंदिर समिति से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब प्रशासन के सामने यह सवाल है कि सवारी के दौरान भगवान के स्वरूप के हाथ में यह वस्तु किसने रखी और सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर की व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों की निगरानी को लेकर बहस तेज हो गई है।
Leave a Reply