आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां नेवी में काम करने वाले एक शख्स ने अपनी प्रेमिका को घर बुलाया, लेकिन यह मुलाकात उसके लिए मौत बन गई। आरोपी की पत्नी मायके गई हुई थी, जिसका फायदा उठाकर उसने प्रेमिका को घर बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और बात इतनी बढ़ गई कि उसने प्रेमिका की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रविंद्र ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए बेहद खौफनाक तरीका अपनाया। उसने शव के कई टुकड़े किए, कुछ हिस्सों को फ्रिज में छिपा दिया और बाकी को अलग-अलग जगह फेंकने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने सिर और फोन को भी जलाने की कोशिश की ताकि कोई सबूत न बचे।
बताया जा रहा है कि आरोपी की प्रेमिका से मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और दोनों पिछले कई सालों से संपर्क में थे। आरोपी का दावा है कि महिला उससे पैसे मांगती थी और उनके रिश्ते को पत्नी के सामने उजागर करने की धमकी देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो फ्रिज और कमरे के अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बाकी शव के हिस्सों की तलाश की जा रही है।