उत्तर प्रदेश के संभल में एक महिला की जिंदगी उस समय खत्म हो गई, जब उसका पति दूसरी शादी की जिद में इस कदर अंधा हो गया कि उसने अपने ही घर को बर्बाद कर दिया। बताया जा रहा है कि पति अपनी ही मामी से निकाह करना चाहता था और इसी वजह से लंबे समय से पत्नी पर तलाक देने का दबाव बना रहा था। लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी।

मृतका नजमा और आरोपी नफीस की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से नफीस अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता था और अपनी मामी के साथ रिश्ता बनाना चाहता था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़ा होता रहता था। नजमा बच्चों को लेकर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी और आशा वर्कर के तौर पर काम कर रही थी।
बताया जा रहा है कि रविवार रात नफीस अपनी पत्नी के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच फिर से तलाक और दूसरी शादी को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि उसने बच्चों के सामने ही पत्नी पर कैंची से हमला कर दिया। नजमा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी कैंची मारकर जान देने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे रोक लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची बरामद कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपी की मामी से भी पूछताछ कर सकती है, क्योंकि बताया जा रहा है कि इसी रिश्ते की वजह से पिछले दो साल से घर में विवाद चल रहा था।