रीलबाज बेटे को बाप ने उतार दिया मौत के घाट, फिर गड्ढे में दफना दिया शव और खुद भी कर ली आत्महत्या
महाराष्ट्र के जलगांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को गड्ढे में दफना दिया। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद पिता ने खुद की आत्महत्या कर ली। उसके शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें बेटे की हत्या की बात लिखी थी.

जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रताड़ना से तंग आकर एक पूर्व सैनिक पिता ने अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पिता ने खुद भी आत्महत्या कर ली है। ये चौंकाने वाली घटना गुरुवार को जलगांव के एरंडोल में सामने आई। यहां पिता की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है और उसे दफना दिया है। लड़का सोशल मीडिया पर रील्स बनाता था।
मृतक पिता का नाम विट्ठल पाटिल (50), जबकि उसके बेटे का नाम हितेश पाटिल (22) था। पूर्व सैनिक विट्ठल पाटिल भवरखेड़ा (एरंडोल) का मूल निवासी है। वह अपने परिवार के साथ वृंदावन नगर, एरंडोल में रहता था। उसका बेटा हितेश पाटिल रील बनाने का काम करता था। हालांकि, वह अपने पिता से अलग रहता था। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता को प्रताड़ित करता था और मारपीट भी करता था। इससे तंग आकर विट्ठल पाटिल ने अपने बेटे की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार विट्ठल पाटिल की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में लिखा था कि वह बेटे हितेश से तंग आ गया था और उसने भवरखेड़ा गांव के पास एक नाले के पास उसकी हत्या कर दी और शव को जमीन में दफना दिया। गुरुवार को हितेश पाटिल का शव भवरखेड़ा स्थित नाले में मिला था। उसके शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। हितेश पाटिल के शव को जहां से बरामद किया गया वहीं से एक रस्सी भी मिली है। पुलिस को संदेह है कि हितेश पाटिल को इसी रस्सी से फांसी लगाई गई होगी। फिलहाल इस संबंध में एरंडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच की जा रही है।