आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके शरीर पर मौजूद करीब 52 ग्राम सोने के गहने अचानक गायब हो गए। परिवार ने पहले इसे सामान्य बात समझा, लेकिन जब लाखों रुपये के गहनों का पता नहीं चला तो पूरे मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला अपने छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों के घर गई थीं। वहीं उनकी तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन उनके निधन की सूचना परिवार को दी गई। पोता मौके पर पहुंचा और दादी का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन कुछ समय बाद पता चला कि उनके शरीर पर पहने गए सोने के गहने गायब हैं। उनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
शुरुआत में परिवार को समझ नहीं आया कि आखिर गहने कहां चले गए। सबसे पहले रिश्तेदारों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद मृतका के पोते ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में कई लोगों से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर एक महिला रिश्तेदार पर शक गहराया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर गहने निकाल लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से दो सोने की चेन, एक अंगूठी और मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद गहनों को जब्त कर लिया गया है। हालांकि जांच सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बुजुर्ग महिला की मौत पूरी तरह स्वाभाविक थी या इस मामले में कोई और पहलू भी सामने आ सकता है। सभी पहलुओं की गहराई से जांच जारी है।
फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस रिश्तेदार पर परिवार ने भरोसा किया, उसी पर गहने चोरी करने का आरोप लगने से हर कोई हैरान है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply