निक्की हत्याकांड: ‘पापा ने मम्मी को मारा… उनपर कुछ डाला और आग लगा दी’, 6 साल के बेटे के बयान से चार्जशीट को मिली मजबूती…

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गाँव में हुए निक्की भाटी हत्याकांड की जाँच में एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कासना कोतवाली पुलिस ने कोर्ट में जो चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल की है, उसमें मृतका के छह साल के मासूम बेटे का बयान शामिल है, जिसने हत्या और साजिश के आरोपों को पूरी तरह से मजबूत कर दिया है।

पुलिस द्वारा दर्ज किए गए बयान के अनुसार, निक्की के बेटे ने घटना के दिन का पूरा सच सामने रखा। बच्चे ने पुलिस को बताया, “पापा ने मम्मी को मारा था, फिर उनके ऊपर कुछ डाला और आग लगा दी थी। इसके बाद वे पड़ोसी की छत से कूदकर भाग गए थे।”कानून के जानकारों का कहना है कि चूँकि बच्चा घटना के समय मौके पर मौजूद था, इसलिए उसके कथन को मनगढ़ंत नहीं माना जा सकता है। इस बयान ने पुलिस की जाँच को एक ठोस आधार प्रदान किया है।

पुलिस की चार्जशीट में साफ किया गया है कि निक्की की मौत कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि यह योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या थी।चार्जशीट के मुताबिक, इस साजिश में मृतका के पति विपिन भाटी के साथ-साथ उसके ससुर सत्वीर, सास दया और जेठ रोहित भाटी भी शामिल थे। इन सभी पर हत्या और षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने इस निष्कर्ष पर पहुँचने के लिए विस्तृत साक्ष्य जुटाए हैं, जिनमें बच्चे का बयान, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्टें शामिल हैं। फॉरेंसिक जाँच में भी यह पुष्टि हुई है कि घर में गैस सिलेंडर फटने का कोई चिह्न नहीं मिला था, जैसा कि पहले आरोपी द्वारा दावा किया गया था।

Leave a Comment