मुजफ्फरपुर, बिहार। मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में सामाजिक न्याय के एक अनोखे और विवादास्पद मामले ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। ग्रामीणों ने एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी को चोरी-छिपे मिलते हुए पकड़ा और फिर दोनों को पास के मंदिर में ले जाकर जबरन शादी करवा दी।

यह घटना कांटी थाना क्षेत्र की है। बताया गया कि सुरुचि कुमारी, जो पहले से शादीशुदा हैं और दो बच्चों की मां हैं, उनका संबंध गाँव के ही युवक दीपक चौरसिया के साथ चल रहा था।काफी दिनों से दोनों के चोरी-छिपे मिलने की खबर गाँव वालों को थी। सोमवार को जब यह प्रेमी जोड़ा फिर से एक साथ दिखा, तो ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। फैसला सुनाते हुए गाँव के लोग ही उन्हें पास के मंदिर ले गए। वहाँ पुजारी को बुलाकर, ग्रामीणों ने बाराती बनकर सभी रस्में पूरी करवाईं और दोनों की शादी करा दी।
इस अजीबोगरीब शादी के बाद दूल्हा बने दीपक चौरसिया का बयान चौंकाने वाला था। दीपक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके बीच कोई प्रेम प्रसंग नहीं था, लेकिन गाँव वालों के कहने पर और बाद में आपसी सहमति से यह शादी हो गई।वहीं, दुल्हन सुरुचि कुमारी ने स्पष्ट किया कि उसने यह शादी अपनी मर्जी से की है और अब वह अपने दूसरे पति दीपक के साथ ही रहेगी।
इस मामले ने समाज और रिश्तों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं, लेकिन सुरुचि के फैसले के बाद यह अनोखा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।