नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने अपनी ही एक रिश्तेदार के घर से गहने चोरी करने वाले युवक को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी सोने के आभूषण, जिसमें 20 ग्राम का एक सोने का बिस्किट भी शामिल था, बरामद कर लिए हैं।

मामला उत्तम नगर, दिल्ली की निवासी मंजीत कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। मंजीत कौर ने 9 नवंबर को ई-एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनके घर से अज्ञात व्यक्तियों ने गहने चोरी कर लिए हैं।बिंदापुर थाना पुलिस की टीम ने जब मौके पर जाँच शुरू की तो पाया कि घर में जबरन घुसने या ताला तोड़ने का कोई निशान नहीं था। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि चोरी किसी ऐसे व्यक्ति ने की है जो घर से परिचित है या उसी इमारत में रहता है।
जाँच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी खंगाली। संदेह की सुई महिला के एक रिश्तेदार, परमजीत की ओर घूमी।परमजीत को पकड़ने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। परमजीत ने कबूल किया कि उसने ही गहने चुराए थे और उन्हें छिपाने के लिए वह हिमाचल प्रदेश चला गया था। उसने बताया कि चोरी का सामान हिमाचल प्रदेश के अंबाटा स्थित अपने नाना के घर में एक बिस्तर के अंदर छिपा रखा था।
परमजीत की जानकारी पर, दिल्ली पुलिस की एक टीम हिमाचल प्रदेश पहुँची और उसकी मौजूदगी में छिपाए गए गहने बरामद कर लिए। बरामद किए गए सामान में सोने की चेन, इयरिंग, दो अंगूठी और एक 20 ग्राम सोने का बिस्किट शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।