शिवरात्रि की रात का खौफ! पति ने लगाया ‘पारा इंजेक्शन’, 9 महीने तक जलती रही पत्नी—आखिर मौत ने ली जान

बेंगलुरु के अटिबेले इलाके से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला की नौ महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार मौत हो गई। विद्या नामक इस महिला ने मरने से ठीक पहले पुलिस को दिए अपने बयान में पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे।

विद्या ने पुलिस को बताया कि इस साल 26 फरवरी 2025, यानी शिवरात्रि की रात, जब वह सो रही थी, तब उसके पति बसवराजू ने उसे मर्करी (पारे) का जहरीला इंजेक्शन लगाया था। अगली शाम जब वह उठी, तो उसके दाहिने पैर में असहनीय दर्द हो रहा था और ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी ने इंजेक्शन दिया हो। धीरे-धीरे यह दर्द पूरे शरीर में फैलता चला गया।

7 मार्च को, जब दर्द असहनीय हो गया, तो विद्या ने अटिबेले सरकारी अस्पताल का रुख किया, जहाँ से उसे आगे के इलाज के लिए ऑक्सफोर्ड अस्पताल रेफर कर दिया गया। जाँच में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उसके शरीर में मर्करी का जहर फैल चुका है। दाहिने पैर की सर्जरी और लैब रिपोर्ट ने भी मर्करी पॉइजनिंग की पुष्टि की। डॉक्टरों ने बताया कि जहर पूरे शरीर में फैल गया था और उसकी किडनी भी खराब हो गई थी, जिसके चलते उसे डायलिसिस पर रखा गया था।

अपने बयान में विद्या ने बताया कि उसकी शादी 18 मई 2025 को बसवराजू से हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुर मारिस्वामचारी उसके साथ मारपीट, गालीगलौज और अपमान करते थे। वह बताती है कि उसका पति उसे अक्सर पागल कहकर ताने देता था और उसे घर में बंद कर बाहर चला जाता था। चार साल का बेटा होने के बावजूद उसे कभी मायके या किसी रिश्तेदार के घर नहीं जाने दिया गया।

नौ महीने तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद, अंततः विद्या की मौत हो गई। विद्या के बयान के आधार पर, अटिबेले पुलिस ने उसके पति बसवराजू और ससुर मारिस्वामचारी के खिलाफ हत्या के इरादे से मर्करी इंजेक्शन देने का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जाँच शुरू कर दी है।

Leave a Comment