अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बार फिर पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मलखान सिंह जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल ने शराब के नशे में ऐसा हंगामा किया कि सब देखते रह गए। बात सिर्फ हंगामे तक नहीं रुकी, जब डॉक्टर ने उसका मेडिकल टेस्ट करने के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन निकाली, तो नशे में धुत सिपाही ने मशीन ही छीन ली!

यह हाई-प्रोफाइल ड्रामा मलखान सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी (Emergency) में हुआ। हेड कांस्टेबल सुनील कुमार ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में थे, जिसके बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें डॉक्टरी जांच के लिए अस्पताल लेकर आए। लेकिन सुनील कुमार अस्पताल पहुंचते ही बेकाबू हो गए।
उन्होंने डॉक्टर से अभद्रता की और जोर-जोर से चिल्लाने लगे।जब डॉक्टर ने नशे की पुष्टि के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन से टेस्ट करना चाहा, तो सिपाही ने झपट्टा मारकर मशीन छीन ली।सिपाही ने यह कहकर हंगामा किया कि “यह मशीन खराब है, मेरी सांस नहीं ले रही है!”
यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही किस तरह नशे की हालत में अस्पताल में तमाशा कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तुरंत एक्शन लिया। वीडियो वायरल होने और सिपाही के दुर्व्यवहार की खबर एसएसपी (SSP) तक पहुंचते ही उन्होंने हेड कांस्टेबल सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया।पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाले इस हेड कांस्टेबल पर एसएसपी ने सख्त कार्यवाही की है।