छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां अपने प्रेमी के साथ घूमने निकली एक आदिवासी युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दो युवकों ने पहले प्रेमी जोड़े को रास्ते में रोका, फिर विरोध करने पर युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद युवती को दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया और बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 14 नवंबर की शाम की है। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में युवती अपने प्रेमी के साथ घूमने गई थी। यह जगह खरसिया से करीब 10 किलोमीटर दूर बताई गई है। शाम लगभग 4 बजे दोनों वहां मौजूद थे, तभी बोतल्दा गांव के रहने वाले राहुल पटेल (21) और फनेश्वर पटेल (20) वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों युवकों ने प्रेमी जोड़े को रोककर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने युवती को जबरन अपनी ओर खींचने की कोशिश की। जब उसके प्रेमी ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई और उसके शरीर पर कई वार किए गए। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेमी की जेब से रुपये भी छीन लिए। इसके बाद युवती को उसके प्रेमी से अलग कर दूसरी जगह ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, दोनों युवक उसे कई घंटों तक अपने कब्जे में रखे रहे और जान से मारने की धमकी देते रहे। इसी दौरान उन्होंने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बना लिया। रात होने पर आरोपी युवती को छोड़कर वहां से फरार हो गए। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि बाद में दोनों युवक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को डराने लगे और इसी के जरिए पैसे की मांग करने लगे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल करते हुए उसके मोबाइल से UPI के जरिए 1,200 रुपये ट्रांसफर कराए। इसके अलावा उसके प्रेमी से भी कथित तौर पर 10 हजार रुपये लूटे गए। घटना के अगले दिन यानी 15 नवंबर को युवती खरसिया थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, रुपये लूटने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई गईं। पीड़िता की ओर से दी गई जानकारी और हुलिए के आधार पर पुलिस ने राहुल पटेल और फनेश्वर पटेल की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Leave a Reply