इटली के विंसेंजा शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 70 वर्षीय व्यक्ति ने 53 वर्षों तक अंधा होने का नाटक करके सरकार को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इस धोखाधड़ी के दम पर उसने विकलांगता भत्ते के रूप में सरकार से दस लाख यूरो (करीब 9 करोड़ रुपये) से अधिक की रकम हासिल कर ली।

बताया गया है कि लगभग पांच दशक पहले एक काम से जुड़ी दुर्घटना में घायल होने के बाद इस शख्स को सरकारी रिकॉर्ड में ‘पूर्ण अंधा’ दर्ज कर दिया गया था। तभी से उसे लगातार विकलांगता भत्ता मिल रहा था।हाल ही में, इटली की वित्तीय पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस ने लगभग दो महीने तक उस शख्स पर कड़ी निगरानी रखी और उसकी दैनिक गतिविधियों के वीडियो फुटेज तैयार किए।
इन फुटेज में सामने आया कि वह व्यक्ति न केवल आराम से अपने बगीचे में काम कर रहा था और पौधों की छंटाई कर रहा था, बल्कि वह अकेले ही बाजार जाता था, दुकानों से सामान खरीदता था, वस्तुओं को हाथ में लेकर जांचता था और नकद भुगतान भी करता था। उसकी चाल-ढाल और व्यवहार कहीं से भी दृष्टिहीन व्यक्ति जैसा नहीं था।
ठोस सबूत मिलने के बाद, विंसेंजा के अभियोजक कार्यालय ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। सरकार ने तुरंत उसके सभी लाभ रोक दिए। इसके अलावा, कर विभाग ने उसे पिछले 5 वर्षों में झूठे आधार पर प्राप्त की गई लगभग दो लाख यूरो (करीब 1.7 करोड़ रुपये) की आय पर कर चुकाने का भी आदेश दिया है। इस घटना ने प्रशासन प्रणालियों की खामियों को उजागर किया है।