शहडोल (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दहला देने वाली दरिंदगी की खबर सामने आई है, जहाँ विश्वास पर रखे गए एक मजदूर ने इंसानियत की सभी हदें पार कर दीं। जैतपुर थाना क्षेत्र की यह घटना बताती है कि कैसे एक नवविवाहिता (22 वर्षीय) अपने ही खेतों में सुरक्षित नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी को लगभग एक साल ही हुआ है और उसके पति दूसरे राज्य में काम करते हैं। वह अपने सास-ससुर के साथ गाँव में रहती है। हाल ही में, परिवार ने धान की गहाई के लिए बिन्नू बैगा नामक मजदूर को थ्रेसर मशीन चलाने के लिए बुलाया था।
शनिवार को जब पीड़िता अपनी सास के साथ खेत पर काम करवा रही थी, तो सास ने उसे घर जाने के लिए कहा। पीड़िता अकेले पैदल ही घर की ओर लौट रही थी। तभी अचानक, उसी थ्रेसर मशीन पर काम करने वाला मजदूर बिन्नू बैगा बाइक से उसके पीछे आ गया।पीड़िता ने रास्ते में आरोपी को देखकर अपनी चाल तेज़ कर दी, लेकिन मजदूर ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
महिला के अनुसार, आरोपी बिन्नू बैगा ने सुनसान रास्ते पर उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह मदद के लिए चिल्ला पाती, मजदूर ने उसे पीछे से दबोच लिया और जबरन खींचकर खेत के किनारे ले गया। पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था और आरोपी ने वहीं दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इस घिनौनी करतूत के बाद, पीड़िता जैसे-तैसे घर पहुँची और तुरंत अपनी सास को आपबीती बताई। नवविवाहिता की सास ने साहस दिखाया और बहू को लेकर तत्काल जैतपुर थाने पहुँची। पुलिस ने बिना देर किए मामला दर्ज किया और शिकायत के आधार पर आरोपी मजदूर बिन्नू बैगा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।