छत्तीसगढ़ के जशपुर में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक नाबालिग लड़की को फँसाने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोपी कुंदन राज ने सहानुभूति और प्यार का नाटक कर लड़की को झांसे में लिया, यहाँ तक कि व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर ‘वर्चुअल शादी’ भी रचा ली।

शादी के नाम पर कुंदन ने वीडियो कॉल के दौरान नाबालिग के अश्लील वीडियो बना लिए। जब लड़की ने विरोध किया, तो कुंदन ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेलिंग का जाल बुना।
ब्लैकमेलिंग की हद पार करते हुए कुंदन ने लड़की पर दबाव डाला कि वह उसके दोस्त दिलीप चौहान के साथ ‘सुहागरात’ मनाए, जिसे वह वीडियो कॉल पर लाइव देखेगा। धमकी से डरी पीड़िता के पास कोई रास्ता नहीं बचा। अक्टूबर 2021 में, कुंदन के दोस्त दिलीप चौहान ने फर्जी नाम दीपक यादव बताकर लड़की के साथ दुष्कर्म किया, जिसे कुंदन वीडियो कॉल पर देखता रहा।
लोक-लाज के डर से चुप्पी साधे बैठी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 2022 में थाने में शिकायत दर्ज कराई।मुख्य आरोपी कुंदन राज को 2022 में ही पटना से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी दिलीप चौहान को पुलिस ने चार साल तक लगातार ट्रैक किया। ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे दिलीप को आखिरकार गोवा तक पीछा करने के बाद जशपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है और दिलीप को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।