डबल सेंचुरी सीटें जीती हैं, हजम नहीं हो रहा…” NDA की भारी जीत पर अखिलेश यादव का ‘सबसे बड़ा हमला’, बोले- ‘बस ₹10 हजार दो और वोट ले लो’..

समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। रविवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने NDA की भारी जीत पर सवाल उठाए और कहा कि यह जीत उन्हें ‘हजम नहीं हो रही’ है।

NDA को मिली 202 सीटों की बड़ी जीत पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “202 – डबल सेंचुरी! हजम नहीं हो रहा है। मैं समझ नहीं पा रहा कि ये रिजल्ट कैसा है।”उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है और हम सीखते रहते हैं, लेकिन भाजपा के काम करने का तरीका और उनकी मशीनरी देखिए, जो ज़मीनी स्तर तक काम करती है।

‘₹10 हजार दो और वोट ले लो’ का गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों का मुद्दा उठाते हुए BJP पर गंभीर आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी ऐसे राज्य हैं जहाँ सबसे ज़्यादा लोग पलायन करते हैं। सरकार उन लोगों के लिए काम नहीं कर रही, जो अपने परिवार से दूर रहते हैं। उन्होंने सीधे-सीधे सरकारी योजनाओं को वोट खरीदने का ज़रिया बताते हुए कहा:

“बस 10 हजार दे दो और वोट ले लो। बाद में तो जैसा अन्य राज्यों में किया, नंबर्स कम कर दो, नियम बना दो। फिर पता चला कि हमारी माँ-बहनें मदद नहीं ले पा रही हैं।”

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा हार से सीखती है और जब आप नीचे होते हैं, तभी ऊपर आने के लिए सोचते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ की सरकार को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, “हमने उन दो डबल इंजनों को हराया। उन्होंने इतनी सीटें गंवाईं कि शायद वे अभी भी कल्पना न कर पाएं।”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जीत यूपी की जीत के बराबर नहीं हो सकती। यूपी में विधानसभा चुनाव दूर नहीं है और हम इसके लिए तैयार हैं।

Leave a Comment