महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां एक पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की तह तक जाकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में जो कारण बताया, वह बेहद हैरान कर देने वाला है।

यह मामला तब सामने आया जब 13 नवंबर को मुंबई-वडोदरा राजमार्ग के पास एक पुल निर्माण स्थल के पास एक 25 वर्षीय महिला का शव मिला। तलासरी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि महिला की हत्या उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से कोई सीधा सुराग न मिलने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। कई पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने पीड़िता के रिश्तेदारों की मदद से उसकी पहचान सुनिश्चित की। पहचान होने के बाद, शक की सुई सीधा उसके पति साकिराली मुस्तफाअली मंसूरी (43) की ओर घूमी। पेशे से ड्राइवर साकिराली मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और गुजरात के सूरत में रहता था।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साकिराली को महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी पति साकिराली मंसूरी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला सच कबूला।आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर गंभीर संदेह था और उसे लगता था कि उसका विवाहेतर संबंध चल रहा है। पति ने कबूल किया कि इसी शक और गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।