कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के कस्बा इलाके में एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस सामने आया है। यहां एक होटल के कमरे में 33 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) आदर्श लोसाल्का का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस जाँच में पता चला है कि लोसाल्का की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि एक ऐसे कपल ने की है जिनसे वह डेटिंग ऐप के माध्यम से मिले थे।

पुलिस के अनुसार, मृतक आदर्श लोसाल्का ने डेटिंग ऐप ‘बम्बल’ के ज़रिए एक युवक और युवती से संपर्क किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ध्रुव मित्रा और कोमल साहा के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर एक ‘लिव-इन’ जोड़े के तौर पर रहते थे।लोसाल्का ने शुक्रवार रात (तारीख 21 नवंबर, 2025) को कसबा के एक होटल में दो कमरे बुक किए थे। पुलिस के मुताबिक, रात में तीनों एक ही कमरे में मिले, जहां उन्होंने साथ में शराब पी और पार्टी की।
जांच में पता चला कि देर रात किसी बात को लेकर लोसाल्का और कपल के बीच जमकर झगड़ा हुआ। पुलिस को दिए बयान में आरोपियों ने बताया कि हाथापाई के दौरान लोसाल्का ज़मीन पर गिर गए। इसके बाद ध्रुव और कोमल ने कथित तौर पर उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी और उनके पैर एक तौलिये से बांध दिए।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी यह पुष्टि हुई है कि आदर्श लोसाल्का की मौत गला घोंटने (Strangulation) के कारण हुई।
हत्या के बाद दोनों आरोपी लोसाल्का के दोनों मोबाइल फोन, उनका बटुआ और एटीएम कार्ड लेकर होटल से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि भागने के बाद उन्होंने मृतक के सिम कार्ड का उपयोग किया, एटीएम पिन बदला, और उनके खाते से 11,000 रुपये की नकदी निकाल ली।
अगले दिन, जब लोसाल्का ने निर्धारित समय पर चेकआउट नहीं किया, तो होटल कर्मचारियों ने कमरे में जाकर उनका शव नग्न अवस्था में पाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों—ध्रुव मित्रा और कोमल साहा—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में लूटपाट, ब्लैकमेलिंग और किसी अन्य रैकेट के एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है।