गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी डॉक्टर दंपत्ति (चाइल्ड स्पेशलिस्ट) को पहले अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल किया गया और फिर उन्हें जाल में फंसाकर बीच सड़क पर सरेआम लूट लिया गया।

पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि 15 दिसंबर को जब वह अपने क्लीनिक पर मरीजों को देख रहे थे, तभी उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने उन्हें अपना वॉट्सऐप चेक करने को कहा। जब डॉक्टर ने वॉट्सऐप देखा, तो उनके होश उड़ गए। वहां उनकी और उनकी पत्नी की कुछ ‘न्यूड तस्वीरें’ थीं। हालांकि, डॉक्टर का कहना है कि वे तस्वीरें पूरी तरह से फेक थीं और फोटोशॉप के जरिए एडिट की गई थीं।
आरोपियों ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और डॉक्टर से 25 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से डॉक्टर ने पैसे देने की बात मान ली। आरोपियों ने उन्हें पैसे लेकर इंदिरापुरम के अभय खंड इलाके में बुलाया।जब डॉक्टर वहां पहुंचे, तो एक कार ने उनका रास्ता रोका। कार से एक युवती उतरी और डॉक्टर की पहचान की पुष्टि करने के बाद पैसे मांगे। जैसे ही डॉक्टर ने अपनी जेब से पैसे निकाले, तभी दूसरी कार से 2-3 युवक और आए और डॉक्टर पर हमला कर दिया। बदमाशों ने डॉक्टर से 35 हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
डॉक्टर की शिकायत के बाद पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी ‘विनोद’ के घर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।