ब्राजील: सोशल मीडिया की दुनिया में आए दिन अजीबोगरीब खबरें सुनने को मिलती हैं, लेकिन ब्राजील की एक महिला ने तो पागलपन की सारी हदें ही पार कर दी हैं। मेइरिवोन रोचा मोरेस (Meirivone Rocha Moraes) नाम की इस 37 वर्षीय महिला ने दावा किया है कि उसने अपने ‘गुड्डे पति’ के साथ मिलकर अपने चौथे बच्चे का इस दुनिया में स्वागत किया है।

मेइरिवोन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) की जबरदस्त एक्टिंग करती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह दर्द से कराहते हुए बाथरूम की ओर भागती हैं और फिर एक छोटे से कपड़े के खिलौने को बाहर लाती हैं, जिसे वह अपना ‘चौथा बच्चा’ बता रही हैं। उन्होंने इस नए सदस्य का नाम रोब्सु मार्सेलिनो रखा है।
बता दें कि मेइरिवोन की यह सनकी दास्तां साल 2018 में शुरू हुई थी। उन्होंने मार्सेलो नाम के एक बड़े कपड़े के गुड्डे से बाकायदा धूमधाम से शादी रचाई थी। उनके इस अनोखे कुनबे में अब सदस्यों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। मेइरिवोन के अनुसार, उनका पहले से एक 3 साल का बेटा है और दिसंबर 2023 में ‘मार्सेला’ और ‘एमिलिया’ नाम की दो जुड़वां बेटियां भी हुई थीं (ये सब कपड़े के गुड्डे-गुड़िया ही हैं)।
चौथे बच्चे के आने के बाद मेइरिवोन अब अपने परिवार के खर्चों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मैं बहुत खुश हूं, लेकिन अब मार्सेलो को दूसरी नौकरी ढूंढनी पड़ेगी क्योंकि इतने बड़े परिवार का पेट पालना अब उसके लिए मुश्किल होगा।”
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, नेटिजन्स ने मजे लेना शुरू कर दिया। 74,000 से ज्यादा बार देखे जा चुके इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “भाई, ये तो साइंस को ही चुनौती दे रही है, ये मुमकिन कैसे हुआ?” वहीं दूसरे ने लिखा, “मार्सेलो बहुत भावुक पिता लग रहा है, शायद उसकी आंखों में रुई के आंसू होंगे।”अपनी इस विचित्र लाइफस्टाइल की वजह से मेइरिवोन दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रही हैं, हालांकि लोग इसे केवल पब्लिसिटी स्टंट और मानसिक पागलपन करार दे रहे हैं।