मध्य प्रदेश के अशोकनगर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। एक महिला, जिसे सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का जुनून सवार था, उसने मामूली सी बात पर अपने ही पति की हत्या कर दी। शादी समारोह का माहौल था, हर तरफ हंसी-खुशी थी, लेकिन इस सनकी पत्नी के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी शादी के दौरान रील बनाने में मशगूल थी। पति ने जब उसे टोकते हुए रील बनाने से मना किया, तो पत्नी आगबबूला हो गई। गुस्से में आकर उसने शादी वाले साफे (पगड़ी) को उठाया और अपने ही पति के गले में डालकर उसे तब तक कसा जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं।
कल तक जो पत्नी कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए रील बना रही थी, आज वो सलाखों के पीछे पहुँच चुकी है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। घरवाले और रिश्तेदार इस बात से सदमे में हैं कि कैसे एक छोटी सी टोक-टाक का अंजाम इतना भयानक हो सकता है।.
अशोकनगर पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। डिजिटल लत और गुस्से के इस कॉम्बिनेशन ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।