चीन की मशहूर ब्यूटी इंडस्ट्री कारोबारी यू वेनहोंग एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। 55 साल की यू ने हाल ही में 25 साल के लियू यूचेन से शादी की है। दोनों की उम्र में करीब 30 साल का अंतर है, लेकिन इससे ज्यादा चर्चा उनकी शादी में दिए गए महंगे तोहफों की हो रही है। बताया जा रहा है कि यू ने अपने पति को करीब 50 मिलियन युआन यानी लगभग 60 करोड़ रुपये की संपत्ति, कैश, लग्जरी कारें और प्रॉपर्टी गिफ्ट की है।

यू वेनहोंग का जन्म चीन के एक साधारण परिवार में हुआ था। पिता की मौत के बाद उन्होंने कम उम्र में ही काम शुरू कर दिया था। शुरुआत में वह ब्यूटी इंडस्ट्री में आईब्रो टैटू टेक्नीशियन थीं, लेकिन बाद में उन्होंने अपना बिजनेस खड़ा किया और 2004 में हांगकांग में अपनी मेडिकल एस्थेटिक्स कंपनी शुरू की। कुछ ही सालों में उनका बिजनेस तेजी से बढ़ा और वह करोड़ों की मालकिन बन गईं।
यू वेनहोंग की यह पहली शादी नहीं है। इससे पहले वह पांच बार शादी कर चुकी हैं। उनकी पिछली रिलेशनशिप भी काफी चर्चा में रही थी, जिसमें वह अपने से करीब 20 साल छोटे एक मॉडल के साथ थीं। दोनों का एक बच्चा भी है। अब उनकी नई शादी ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई लोग इसे अमीर महिला और कम उम्र के लड़के की ‘रिवर्स लव स्टोरी’ बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सिर्फ पैसा और शोहरत का रिश्ता कह रहे हैं।