जर्मनी में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 साल के लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड को स्कूल छोड़ने के लिए पूरी बस ही चुरा ली। लड़का बिना लाइसेंस के बस लेकर करीब 130 किलोमीटर दूर तक चला गया।

यह घटना जर्मनी के विसबाडेन शहर की है। लड़के ने एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के डिपो से सुबह-सुबह बस चुराई। बताया गया कि उसने बिना किसी तोड़फोड़ के बस खोली और मास्टर की की मदद से उसे स्टार्ट कर लिया।
इसके बाद वह बस लेकर करीब 130 किलोमीटर दूर कार्लज़ूए पहुंचा, जहां उसकी 14 साल की गर्लफ्रेंड पढ़ती थी। पुलिस के मुताबिक लड़के का मकसद सिर्फ अपनी गर्लफ्रेंड को स्कूल छोड़ना था।
बस के गायब होने का पता सुबह करीब 6 बजे चला, लेकिन पहले कंपनी को लगा कि शायद कोई ड्राइवर गलत बस लेकर निकल गया है। इसी वजह से पुलिस को सूचना देने में देरी हुई।दोपहर के समय कार्लज़ूए में पुलिस की एक टीम ने बस को देखा। उस समय लड़का अपनी गर्लफ्रेंड को लेने के बाद आगे बढ़ रहा था। पुलिस ने उसे वहीं रोक लिया।
अब लड़के पर बस चोरी करने और बिना लाइसेंस वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। बाद में उसे उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। अच्छी बात यह रही कि बस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।