मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से घरेलू विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां टीवी का चैनल बदलने जैसी मामूली बात देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि पति ने अपनी पसंद का चैनल लगा दिया, जिससे नाराज पत्नी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने घर में रखा हंसिया उठाकर पति पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र की है। घायल व्यक्ति मजदूरी करता है और घटना के समय कथित तौर पर नशे की हालत में घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने टीवी का चैनल बदल दिया। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच पहले बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।
आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाकर पति के सिर और गाल पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। मेडिकल जांच में धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply