क्या कोई ₹500 करोड़ की संपत्ति का मालिक होकर भी ₹10 हजार की नकली Rolex पहन सकता है? सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक कहानी ने अमीरी, लग्जरी और दिखावे को लेकर नई बहस छेड़ दी है। मामला तब चर्चा में आया जब दिल्ली के स्टार्टअप फाउंडर रोहन धवन ने LinkedIn पर एक बिजनेसमैन से हुई मुलाकात का अनुभव साझा किया।

रोहन धवन के मुताबिक, उनकी मुलाकात करीब ₹500 करोड़ की नेटवर्थ वाले एक बिजनेसमैन से हुई। उनकी कलाई में चमक रही Rolex Daytona देखकर रोहन ने तारीफ की। बाजार में इस घड़ी की कीमत करीब ₹25 लाख है, लेकिन अगले ही पल बिजनेसमैन ने ऐसा खुलासा किया जिसने सबको चौंका दिया।
बिजनेसमैन ने मुस्कुराते हुए बताया कि वह घड़ी असली नहीं, बल्कि Instagram से खरीदी गई ₹10 हजार की First Copy है। जब रोहन ने इसकी वजह पूछी, तो उन्होंने कहा, “मेरे स्टेटस को देखकर कोई सोच भी नहीं सकता कि मैं नकली घड़ी पहन सकता हूं। लोगों को समय दिखाना है, तारीफ भी मिल जाती है, फिर लाखों क्यों खर्च करूं?”
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने बिजनेसमैन की सोच को व्यावहारिक बताया, जबकि कई यूजर्स का कहना था कि असली लग्जरी ब्रांड की पहचान उसकी गुणवत्ता और विरासत में होती है, इसलिए नकली उत्पाद खरीदना सही नहीं माना जा सकता।
रोहन धवन ने भी माना कि वह खुद कभी नकली प्रोडक्ट नहीं खरीदेंगे, लेकिन बिजनेसमैन की दलील ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया। उनका कहना था कि कई बार लोग किसी चीज़ की कीमत नहीं, बल्कि उसे पहनने वाले की हैसियत देखकर फैसला कर लेते हैं।
यह कहानी अब सिर्फ एक घड़ी की नहीं, बल्कि दिखावे, सामाजिक पहचान और असली लग्जरी की परिभाषा पर बहस बन चुकी है। इंटरनेट पर हजारों लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिर असली अमीरी महंगी चीज़ों में होती है या सोच में।

Leave a Reply