वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर अहम बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की और भारत-इजरायल की विशेष रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की भी समीक्षा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रक्षा, तकनीक, कृषि, नवाचार और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
फोन पर हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने वेस्ट एशिया की मौजूदा स्थिति पर अपने विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रम पर लगातार संपर्क में बने रहने पर भी सहमति जताई।
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत-इजरायल की रणनीतिक साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है और दोनों देशों के बीच सहयोग कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि इसी साल दोनों देशों ने अपने रिश्तों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंचाया था। तब से रक्षा, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), जल प्रबंधन और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
ऐसे समय में जब वेस्ट एशिया के हालात पूरी दुनिया की चिंता बने हुए हैं, मोदी और नेतन्याहू के बीच हुई यह बातचीत कूटनीतिक दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने भविष्य में भी करीबी समन्वय बनाए रखने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
Leave a Reply