पहले प्यार के जाल में फंसाया, फिर पैसों का लालच देकर बनवाया रेलवे ब्लास्ट का मोहरा! पाकिस्तान के ‘शाह-चाचा’ के इशारे पर 21 साल की महकदीप ने रची खौफनाक साजिश!

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके की जांच में ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है। इस मामले में गिरफ्तार 21 वर्षीय महकदीप कौर पर आरोप है कि वह पाकिस्तान में बैठे कथित ISI हैंडलर्स के संपर्क में थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसे पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और प्यार के जाल में फंसाया गया। फिर आर्थिक मदद और बेहतर जिंदगी के सपने दिखाकर धीरे-धीरे अपने इशारों पर चलाया गया। आरोप है कि इसी नेटवर्क के निर्देश पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट को अंजाम दिया।

महकदीप पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली है। राजस्थान ATS और पुलिस ने उसे उसके साथी देवेंद्र सिंह के साथ गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, महकदीप अपने पति से अलग रह रही थी और उसका पति कथित तौर पर नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी मुलाकात पाकिस्तान में बैठे दो लोगों से हुई, जिन्हें ‘शाह’ और ‘चाचा’ के कोडनेम से पहचाना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ने पहले उससे बातचीत बढ़ाई, फिर भावनात्मक जुड़ाव बनाया और बाद में पैसों की मदद के जरिए उस पर अपना प्रभाव मजबूत किया।

जांच एजेंसियों का दावा है कि यह सिर्फ ऑनलाइन बातचीत तक सीमित नहीं रहा। धीरे-धीरे महकदीप को कथित तौर पर रेलवे ट्रैक की रेकी करने और विस्फोट की साजिश में शामिल किया गया। 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी गांव के पास रेलवे लाइन पर धमाका हुआ था। विस्फोट से पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। धमाका इतना तेज था कि स्लीपर के अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया और पटरी को पकड़ने वाले क्लिप भी उखड़ गए। जांचकर्ताओं को आशंका है कि इस साजिश का निशाना अनूपगढ़-बठिंडा पैसेंजर ट्रेन हो सकती थी।

इस वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने दो बार कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक, पहली बार 6 अक्टूबर को वे इलाके में पहुंचे, लेकिन विस्फोटक उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को टाइमर वाला विस्फोटक रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह फट नहीं पाया। आखिरकार 3 नवंबर को तीसरी कोशिश में धमाका हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को कथित तौर पर इस काम के लिए पैसे दिए गए थे और उनके पास से 30 हजार रुपये नकद, दो विदेशी पिस्टल और 46 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, महकदीप और देवेंद्र को पकड़ने के लिए राजस्थान ATS, श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स की भूमिका, पैसों के लेनदेन और विस्फोटक की सप्लाई की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को स्थानीय स्तर पर किन लोगों ने मदद पहुंचाई।

फिलहाल महकदीप और देवेंद्र से पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और क्या इस गिरोह के निशाने पर रेलवे या दूसरे महत्वपूर्ण ठिकाने भी थे। इस मामले ने ऑनलाइन दोस्ती और रोमांटिक रिश्तों के जरिए लोगों को कथित जासूसी या आतंकी गतिविधियों में फंसाने के खतरे को भी सामने ला दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या महकदीप इस नेटवर्क की अकेली कड़ी थी या पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स ने देश के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे ही लोगों को अपने जाल में फंसा रखा है?

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *