महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पिता पर अपने ही दो मासूम बेटों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि वह दोनों बच्चों को चॉकलेट और वड़ापाव खिलाने का लालच देकर घर से बाहर ले गया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर दोनों को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद से इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

यह घटना पैठण तहसील के नांदर गांव की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सोमनाथ दामोदर रोडगे के रूप में हुई है। उसके दोनों बेटों की पहचान 7 वर्षीय आर्यन और 5 वर्षीय श्याम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार 16 नवंबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी अपने दोनों बच्चों को स्कूटी पर बैठाकर बाहर ले गया था। बच्चों को लगा कि पिता उन्हें चॉकलेट और वड़ापाव खिलाने ले जा रहे हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि आगे क्या होने वाला है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी दोनों बच्चों को जायकवाड़ी बांध की बाईं नहर के पास ले गया। वहां उसने कथित तौर पर दोनों को पानी में फेंक दिया। इस दौरान मासूम बच्चे अपने पिता से रहम की गुहार लगाते रहे। वे रोते हुए कह रहे थे, ‘पापा, हम मर जाएंगे, ऐसा मत कीजिए।’ लेकिन आरोप है कि उनकी चीखों और गुहार का भी पिता पर कोई असर नहीं हुआ।
इसी दौरान नहर के पास कुछ किसान मौजूद थे, जो अपने बिजली के पंप चलाने पहुंचे थे। उन्होंने जब बच्चों को पानी में फेंकते देखा तो आरोपी को रोकने की कोशिश की। लेकिन पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी ने किसानों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और उनके साथ गाली-गलौज भी की। इसके बाद किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पांचोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सोमनाथ रोडगे को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी ने पूछताछ के दौरान सही जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में उसने कथित तौर पर दोनों बेटों को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
सोमवार रात से ही पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में दोनों मासूमों की तलाश की जा रही है। हालांकि, 18 नवंबर की सुबह तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला था। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। फिलहाल इस खौफनाक घटना के पीछे की असली वजह भी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply