जुम्माउद्दीन अहमद का शातिर खेल! कभी राजू बोरा तो कभी उत्पल सैकिया बनकर 6 महिलाओं से रचाई शादी, हर बार बदली पहचान… खुला फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला राज

असम के नगांव से शादी और रिश्तों के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर अपनी असली पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से छह हिंदू महिलाओं से शादी करने का आरोप लगा है। आरोपी कभी खुद को राजू बोरा बताता था तो कभी उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया के नाम से महिलाओं के सामने अपनी पहचान पेश करता था। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने इन फर्जी नामों से ड्राइविंग लाइसेंस, PAN कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज भी तैयार करवाए थे। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान जुम्माउद्दीन अहमद के रूप में हुई है। वह नगांव जिले के सामागुड़ी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। खटवाल पुलिस ने उसे सोनाईबाली इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ शिकायत उसकी पहली पत्नी रंजू मुसाहारी उर्फ फरीदा बेगम ने दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि जुम्माउद्दीन ने अपनी असली पहचान छिपाकर कई महिलाओं की जिंदगी के साथ धोखा किया और अलग-अलग पहचान बनाकर उनसे शादियां रचाईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, जुम्माउद्दीन ने साल 2001 में तेजपुर की एक बोडो समुदाय की युवती से खुद को राजू बोरा बताकर शादी की थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर कलियाबर, कार्बी आंगलोंग और तेजपुर सहित अलग-अलग इलाकों की पांच अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि हर बार वह अपना नाम और पहचान बदल लेता था, ताकि महिलाओं को उसकी असलियत का पता न चल सके।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी की कथित फर्जी पहचान है। पुलिस के सामने आरोप लगाया गया है कि उसने राजू बोरा, उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया जैसे नामों से अलग-अलग दस्तावेज तैयार करवाए थे। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, PAN कार्ड और बैंक पासबुक शामिल बताए जा रहे हैं। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल महिलाओं के सामने अपनी अलग पहचान साबित करने के लिए किए जाने का आरोप है। अब पुलिस इन दस्तावेजों और कथित शादियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2010 में दो अहोम महिलाओं के साथ दुष्कर्म की कोशिश से जुड़े एक मामले में उसे जेल जाना पड़ा था। वहीं उसकी पहली पत्नी का आरोप है कि उन्होंने पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। अब FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे और छह महिलाओं से शादी करने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले में सामने आए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और अदालत में दोष साबित होना बाकी है। लेकिन अलग-अलग नामों से पहचान बदलकर महिलाओं से शादी करने के इस मामले ने नगांव में सनसनी फैला दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *