मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक अजब प्रेम का गजब किस्सा सामने आया है। यहां बड़नगर थाना क्षेत्र के ऊंटवासा गांव में एक 45 वर्षीय महिला अपने होने वाले समधी के प्यार में पड़ गई और अपने पति तथा दो बच्चों को छोड़कर उसके साथ फरार हो गई।

यह मामला तब सामने आया जब महिला (45) पिछले आठ दिनों से घर से लापता थी। महिला के बेटे ने बड़नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब महिला की तलाश की और उसे ढूंढकर थाने लाई, तो जो खुलासा हुआ उसे सुनकर सब हैरान रह गए।
जांच में पता चला कि महिला का बड़ा बेटा चिकली गांव के एक 50 वर्षीय किसान की बेटी से शादी करने वाला था। दोनों परिवारों के बीच सगाई की बातचीत चल रही थी और वे जल्द ही रिश्तेदार यानी समधी-समधन बनने वाले थे।लेकिन, बच्चों की सगाई की तैयारियों के दौरान ही, दूल्हे की मां और दुल्हन के पिता (यानी होने वाले समधी) के बीच नज़दीकियाँ बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे।
प्रेम परवान चढ़ा तो 45 वर्षीय महिला (समधन) अपने पति और 18-20 वर्ष के दो बेटों को छोड़कर, 50 वर्षीय किसान (समधी) के साथ घर से भाग गई। जब पुलिस ने महिला को बरामद किया और परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की, तो महिला अपने फैसले पर अडिग रही।
महिला ने साफ कहा कि वह अब अपने पति और बच्चों के साथ नहीं रहना चाहती। उसने पुलिस के सामने बयान दिया कि वह स्वेच्छा से अपने प्रेमी (समधी) के साथ रहना चाहती है। चूंकि दोनों बालिग हैं और यह मामला व्यक्तिगत संबंध का था, इसलिए पुलिस ने इस पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई। इस घटना से गांव में यह कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है।