कटक, ओडिशा। ओडिशा के कटक शहर में संपत्ति और पैसे के लेनदेन से जुड़ा एक हृदयविदारक डबल मर्डर का मामला सामने आया है। दरगाह बाजार जेल कॉलोनी में शुक्रवार रात आलोक दास नामक एक बेटे ने अपने पिता दीपक दास (58) और सौतेली माँ लीजारानी दास (45) की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस की प्राथमिक जाँच से पता चला है कि आलोक ने अपने पिता दीपक दास को लगभग 10 लाख रुपये का कर्ज दिया था। आलोक पर अपने लेनदारों का दबाव था, लेकिन पिता यह कर्ज लौटाने में टाल-मटोल कर रहे थे। इसी कर्ज और संपत्ति विवाद ने शुक्रवार रात को उग्र रूप ले लिया।
गुस्से में आकर, आरोपी आलोक ने चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान हुई हाथापाई में आलोक खुद भी घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और घायल अवस्था में आरोपी आलोक दास को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है। खबरों के मुताबिक, इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को फोन कर कहा था, “आज मैंने सारे चैप्टर खत्म कर दिए।”