उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के छजलैट थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने प्रेमी पर निकाह से मुकरने का आरोप लगाते हुए थाने में जमकर हंगामा किया। यह मामला अवैध प्रेम संबंध और धोखे से जुड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह महिला छह बच्चों की मां है और उसका निकाह 17 साल पहले बिजनौर के एक युवक से हुआ था। करीब चार साल पहले वह अपने मायके आई थी, जहां उसका प्रेम प्रसंग गांव के ही एक ऐसे शख्स से शुरू हो गया जो पहले से शादीशुदा है और सात बच्चों का पिता है।
यह प्रेम संबंध इतना परवान चढ़ा कि महिला ने अपने पहले पति को छोड़कर मायके में ही रहना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि प्रेमी ने गांव में एक कमरा किराए पर लेकर उसे रहने के लिए दिया और उसका खर्च भी उठाता था।
महिला का आरोप है कि प्रेमी ने उससे निकाह करने का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए, लेकिन अब उसने निकाह करने से साफ इनकार कर दिया है। इसके साथ ही उसने महिला का खर्च देना भी बंद कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमी के घरवाले उसके कमरे में आकर मारपीट करते थे।इन सबसे तंग आकर महिला अपने प्रेमी से निकाह की जिद पर अड़ गई और न्याय की मांग लेकर छजलैट थाने पहुंची, जहां उसने खूब हंगामा किया।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और लंबी पंचायत का दौर चला। पुलिस की दखलंदाजी के बाद आखिरकार युवक निकाह करने के लिए राजी हो गया।थानाध्यक्ष (SHO) छजलैट प्रदीप कुमार सहरावत ने बताया कि महिला ने शिकायती पत्र दिया था, लेकिन प्रेमी के निकाह के लिए राजी होने के बाद महिला ने एक लिखित समझौता नामा देकर अपनी शिकायत वापस ले ली। पुलिस ने कहा है कि यदि भविष्य में कोई नई तहरीर मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।