उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अवैध संबंधों का एक खौफनाक अंत सामने आया है। यहां एक प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी गर्भवती प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात रुधौली थाना क्षेत्र के भानपुर मार्ग पर स्थित एक बाग में हुई। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान प्रीति मौर्या के रूप में हुई है, जो शादीशुदा थी और गर्भवती थी। उसका सिद्धार्थनगर के बांसी थाना क्षेत्र के रहने वाले दिलीप कुमार अग्रहरि के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, प्रीति लगातार दिलीप पर शादी करने और संबंध को स्वीकार करने का दबाव बना रही थी। दिलीप इस रिश्ते से पीछे हटना चाहता था और उसने शादी से इनकार कर दिया। इसी दबाव से तंग आकर दिलीप ने प्रीति की हत्या की साजिश रची।
घटना वाले दिन दिलीप ने प्रीति को बहाने से बुलाया और अपने साथ रुधौली कस्बे में स्थित एक सुनसान झाड़ी (बाग) के पास ले गया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि इस दौरान प्रीति का दो साल का मासूम बेटा भी उसके साथ था।
यहां आरोपी दिलीप ने पहले प्रीति को शराब पिलाई, और फिर दो साल के मासूम बेटे की मौजूदगी में ही चाकू से उसका गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव को वहीं फेंक कर फरार हो गया।
पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी दिलीप कुमार अग्रहरि को आला-ए-कत्ल (हत्या में इस्तेमाल चाकू) के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शादी और बच्चे के भरण-पोषण के खर्च का दबाव ही इस जघन्य हत्याकांड की मुख्य वजह बनी।