कबाड़ समझकर न फेंकें पुराना AC! LG के इस मॉडल से निकल रहा है 24 कैरेट शुद्ध सोना,देख रह जाएंगे दंग….

नई दिल्ली/सियोल: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने पुरानी चीजों की कद्र बढ़ा दी है। दक्षिण कोरिया से सामने आए इस चौंकाने वाले वीडियो में दावा किया गया है कि करीब 20 साल पुराने LG एयर कंडीशनर (AC) के लोगो (Logo) में 24 कैरेट शुद्ध सोना छिपा हुआ है। इस खबर के सामने आते ही लोग अब कबाड़ में अपने पुराने एयर कंडीशनर खंगालने लगे हैं।

यह पूरा मामला सियोल की एक गोल्ड शॉप मालकिन और यूट्यूबर ‘Ringring Unnie’ के एक वीडियो से शुरू हुआ। वीडियो में एक ग्राहक मुड़े-तुड़े धातु के टुकड़े लेकर दुकान पर पहुंचता है। जब दुकानदार उससे पूछती है कि यह क्या है, तो वह बताता है कि यह उसके पुराने LG Whisen एयर कंडीशनर के फ्रंट पर लगा लोगो है। ग्राहक ने दावा किया कि 20 साल पहले जब उसने यह AC खरीदा था, तब डिलीवरी स्टाफ ने बताया था कि यह लोगो सोने का है और कंपनी के विज्ञापनों में भी इसका जिक्र था।

हैरानी तब हुई जब दुकानदार ने उन टुकड़ों को पिघलाया और उनकी शुद्धता की जांच की। टेस्ट के बाद पता चला कि वह कोई साधारण धातु नहीं, बल्कि 24 कैरेट शुद्ध सोना था। रिपोर्ट के अनुसार, उस लोगो का वजन लगभग 3.75 ग्राम (एक ‘डॉन’) के करीब था, जिसकी मौजूदा कीमत हजारों में है।

बताया जा रहा है कि 2005 से 2008 के बीच LG ने अपने ‘Whisen’ मॉडल के कुछ प्रीमियम एयर कंडीशनर लॉन्च किए थे। उस समय मार्केटिंग और प्रमोशन के तौर पर कंपनी ने लोगो में असली सोने का इस्तेमाल किया था। उस वक्त सोने की कीमतें बहुत कम थीं, लेकिन आज सोने के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे ये पुराने लोगो किसी खजाने से कम नहीं रह गए हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद दक्षिण कोरिया समेत कई देशों में लोग अपने पुराने एयर कंडीशनर को चेक कर रहे हैं। कई यूजर्स कमेंट कर रहे हैं कि उन्होंने सालों पहले अपने पुराने AC को कबाड़ में बेच दिया था और अब वे अफसोस कर रहे हैं। यदि आपके घर में भी सालों पुराना LG का AC पड़ा है, तो एक बार उसका लोगो जरूर चेक कर लें, क्या पता आपकी किस्मत भी चमक जाए!

Leave a Comment