दुनिया में कई लोग शौक से कुत्ते, बिल्ली या अन्य जानवर पालते हैं, लेकिन बहुत कम ऐसा होता है कि वही पालतू जानवर किसी को अचानक अमीर बना दे। चीन में हाल ही में ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। दरअसल, मध्य चीन के एक व्यक्ति को अपनी बत्तख को काटते समय उसके पेट से सोने के कण मिले, जिसकी वजह से वह एक झटके में चर्चा का विषय बन गया।

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना हुनान प्रांत के लोंगहुई काउंटी में रहने वाले लियू नाम के व्यक्ति के साथ हुई। फरवरी महीने में जब वह अपनी पाली हुई बत्तख को साफ कर रहा था, तब उसके पेट में कुछ चमकदार कण दिखाई दिए। बाद में जांच करने पर पता चला कि ये असली सोने के कण थे। इन कणों का कुल वजन लगभग 10 ग्राम बताया गया और उनकी कीमत करीब 12,000 युआन यानी लगभग 1,800 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.6 लाख रुपये) आंकी गई।
लियू के परिवार का कहना है कि उनके लिए यह खोज किसी सौभाग्य से कम नहीं है। उनके पिता ने इसे आने वाले समय के लिए शुभ संकेत बताया। इस घटना के बाद यह खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने इस अनोखी खोज पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं।
माना जा रहा है कि बत्तख ने नदी किनारे चरते समय सोने के कणों वाली मिट्टी निगल ली होगी। क्योंकि उस इलाके की नदी पहले सोने की खदानों के लिए जानी जाती थी। चूंकि शरीर सोने को पचा नहीं सकता, इसलिए छोटे-छोटे कण उसके पेट में ही रह गए। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सोना बहुत बड़े टुकड़ों में हो तो यह जानवरों और इंसानों दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, लेकिन छोटे कण आमतौर पर गंभीर समस्या नहीं बनते।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं पूरी तरह असंभव नहीं हैं। बताया गया कि पिछले साल भी उसी नदी के किनारे रेत धोते समय ग्रामीणों को 10 ग्राम से ज्यादा सोना मिला था। कभी यह इलाका सोने की खदानों के कारण काफी प्रसिद्ध था, जहां 1970 से 1990 के दशक तक स्थानीय स्तर पर सोने की खोज होती रही, हालांकि बाद में सरकार ने निजी खनन पर प्रतिबंध लगा दिया था।