कोलंबो/पोट्टुविल: पर्यटन के लिए दुनिया भर में मशहूर श्रीलंका से एक ऐसी शर्मनाक और खौफनाक खबर सामने आई है, जिसने देश की छवि पर एक गहरा दाग लगा दिया है। न्यूज़ीलैंड की एक सोलो महिला यात्री, जो अपनी टुक-टुक यात्रा के दौरान श्रीलंका के प्राकृतिक नजारों का लुत्फ़ उठा रही थी, उसके साथ एक स्थानीय युवक ने सरेआम अश्लील हरकत की और शारीरिक संबंध बनाने की मांग की।

यह दिल दहला देने वाली घटना तब सामने आई जब विदेशी पर्यटक ने खुद पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस वीडियो में उसने बताया कि कैसे एक युवक उसके पास आया और बेशर्मी से उसके सामने खड़ा होकर घिनौनी हरकत करने लगा। विदेशी महिला के इस वायरल वीडियो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हंगामा मचा दिया और श्रीलंका पुलिस पर तत्काल कार्रवाई का भारी दबाव आ गया।
पुलिस ने बिना देरी किए, टूरिज्म डिवीजन और स्थानीय थिरुक्कोविल पुलिस के साथ मिलकर तेज तर्रार जांच शुरू की। जांच अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए भेस बदलकर और ठिकाना बदलकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की फुर्ती के आगे उसकी एक न चली।
क्राइम की हर खबर पर नज़र रखने वाले सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी को आखिरकार पेरियनिलावेनी पुलिस डिवीजन से धर दबोचा। यह दरिंदा इल्लै स्ट्रीट, कलुवनचिकुडी का रहने वाला है। अब उसे पोट्टुविल पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।इस निंदनीय घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और पर्यटकों के प्रति स्थानीय लोगों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।