देहरादून से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक शादीशुदा व्यक्ति ने खुद को बड़ा और रसूखदार बिल्डर बताकर एक युवती को अपने मोहब्बत के जाल में बुरी तरह फँसा लिया। इतना ही नहीं, उसने इस रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए युवती के साथ अवैध संबंध बनाए, लेकिन जब बेटी पैदा हुई तो यह ‘आशिक’ महिला और बच्ची दोनों को छोड़कर रातों-रात फरार हो गया। रायपुर थाना पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला ने एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि राकेश चंद नाम का यह शख्स पूजा-पाठ करवाने के बहाने अक्सर उनके घर आता-जाता था। कुछ ही समय में, उसने अपनी झूठी शान और बड़े-बड़े सपनों का हवाला देते हुए, उसके परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। उसने झाँसा दिया कि वह एक बिल्डर है और उसके देहरादून व दिल्ली में कई मकान और फ्लैट हैं।
आरोपी के इस जालसाज़ी भरे झाँसे में आकर युवती के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद दोनों साथ में घूमने-फिरने लगे। जब भी युवती राकेश से शादी की बात करती, तो वह पारिवारिक या व्यावसायिक व्यस्तताओं का बहाना बनाकर बात टाल देता। इसी बीच, आरोपी ने मौका पाकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने बार-बार जोर दिया, तब जाकर उसने कबूल किया कि उसकी पहले ही शादी हो चुकी है और उसका तलाक का केस कोर्ट में लंबित है। उसने वादा किया कि तलाक होते ही वह उससे शादी कर लेगा।
शादी का झाँसा देकर, आरोपी ने युवती को फरवरी 2021 से दिसंबर 2022 तक कैनाल रोड इलाके में किराए के कमरे में रखा। इसी दौरान युवती ने एक पुत्री को जन्म दिया। बेटी के पैदा होते ही आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। कुछ समय बाद, वह युवती और उसकी मासूम बच्ची को उसके मायके में छोड़कर वहाँ से चंपत हो गया। अब जब भी युवती उससे शादी की बात करती है, तो वह उसे जान से मारने की धमकी देता है।
रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।