मुंबई। हिंदी सिनेमा के सबसे सुनहरे और अमर रिश्ते ‘जय-वीरू’ की जोड़ी आज हमेशा-हमेशा के लिए टूट गई। 24 नवंबर 2025 की वो काली रात, जब बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र (Dharmendra Death) ने 89 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली, तो पूरे देश में मातम पसर गया। लेकिन इस खबर से सबसे गहरा सदमा लगा उनके जिगरी दोस्त और ‘शोले’ के सह-कलाकार अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को। अपने ‘वीरू’ के जाने से ‘जय’ का दिल इस तरह टूटा कि वह आधी रात को खुद को संभाल नहीं पाए और सोशल मीडिया पर एक ऐसा भावुक पोस्ट लिख डाला, जिसे पढ़कर हर आंख नम हो गई।

जब पूरी इंडस्ट्री धर्मेंद्र जी के अचानक चले जाने के सदमे में थी, तब देर रात अमिताभ बच्चन ने अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) हैंडल पर अपनी भावनाओं का सैलाब बहा दिया। उन्होंने धर्म पाजी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि एक और बहादुर ‘दिग्गज’ (valiant Giant) हमें छोड़कर चला गया है। वह मैदान छोड़कर गए हैं, और अपने पीछे एक ऐसी खामोशी छोड़ गए हैं, जिसका दर्द सहा नहीं जा सकता।
बिग बी ने लिखा कि धर्मेंद्र जी महानता की मिसाल थे। वह केवल अपनी शानदार ‘फिजिकल प्रेजेंस’ (शारीरिक उपस्थिति) के लिए ही नहीं, बल्कि अपने विशाल दिल और सबसे प्यारी सादगी के लिए भी हमेशा याद किए जाएंगे
“हमारे आस-पास की हवा खाली है…”
अमिताभ बच्चन ने अपने इस दिल को चीर देने वाले पोस्ट में आगे लिखा कि धर्मेंद्र जी अपने साथ पंजाब के उस गांव की मिट्टी की खुशबू लाए थे। उन्होंने दशक दर दशक बदलते हुए सिनेमा में बिना किसी विवाद के शानदार तरीके से काम किया। सबकी फितरत बदल गई, पर वह नहीं बदले।दर्द से भरे इन शब्दों के साथ उन्होंने एक ऐसी टीस जाहिर की, जिसे शायद कोई भर न पाएगा। उन्होंने लिखा, “आपकी प्यारी मुस्कान, आकर्षण और गर्मजोशी दूर-दूर तक फैली हुई थी। हमारे आस-पास की हवा खाली है, एक खालीपन जो हमेशा खाली रहेगा।”
6 दशक से भी लंबे करियर में धर्मेंद्र ने अनगिनत फिल्में कीं, लेकिन ‘शोले’ के ‘वीरू’ के रूप में उनका किरदार हमेशा अमर रहेगा। आज जब ‘जय’ और ‘वीरू’ की जोड़ी का सफर थम गया है, तो यह दर्द सिर्फ अमिताभ बच्चन का नहीं, बल्कि हर उस फैन का है जिसने ‘शोले’ की दोस्ती को पूजा है।