​10 साल की उम्र में आइसक्रीम लेने निकली लड़की 17 साल बाद घर लौटी: AI ने कराया परिवार से मिलाप….

पाकिस्तान में एक हैरान कर देने वाला और दिल को छू लेने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़की, जो 17 साल पहले मात्र 10 साल की उम्र में आइसक्रीम लेने के लिए घर से निकली थी, वह अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अपने परिवार के पास वापस लौट आई है।

यह कहानी किरन नाम की एक लड़की की है। साल 2008 में, जब किरन 10 साल की थी, वह इस्लामाबाद में अपने पड़ोस में आइसक्रीम खरीदने के लिए निकली थी। हालांकि, आइसक्रीम तो उसे मिल गई, लेकिन वह रास्ता भटक गई और दोबारा अपने घर नहीं लौट पाई।किरन ने बताया कि वह खो गई थी और रो रही थी, तभी एक दयालु महिला उसे ईधी फाउंडेशन शेल्टर होम ले गई, क्योंकि उसे अपने घर का पता याद नहीं आ रहा था।

पूरे 17 साल बाद, अब 27 साल की हो चुकी किरन को उसके परिवार से मिलवाने में आधुनिक तकनीक ने अहम भूमिका निभाई। पंजाब पुलिस के एक विशेष कार्यक्रम ‘मेरा प्यारा प्रोजेक्ट’ की टीम ने किरन का इंटरव्यू लिया।टीम ने किरन की वर्तमान तस्वीरें और उसके बचपन की यादें एकत्र कीं। इसके बाद, उन्होंने AI की फेस रिकग्निशन तकनीक और ट्रैकिंग टूल्स का इस्तेमाल किया। इन टूल्स की मदद से, टीम को इस्लामाबाद की एक पुरानी गुमशुदगी रिपोर्ट मिली, जिसकी जानकारी किरन की डिटेल्स से मेल खाती थी।

पहचान की पुष्टि होने के बाद, पुलिस ने पंजाब के कसूर जिले में किरन के पिता अब्दुल मजीद का पता लगाया।

वीडियो कॉल के जरिए किरन और उसके पिता की बात कराई गई। अब्दुल मजीद ने बताया कि उन्होंने कई सालों तक अपनी बेटी को ढूंढा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। 17 साल बाद अपनी बेटी के मिलने की खबर सुनकर उन्हें पहले यकीन नहीं हुआ, लेकिन अब वह बेहद खुश हैं कि उनकी बेटी सुरक्षित घर लौट आई है। इस तरह, AI तकनीक ने बिछड़े हुए परिवार को फिर से मिलाकर एक असंभव-से दिखने वाले काम को संभव कर दिखाया।

Leave a Comment